पटना , अप्रैल 16 -- जिला प्रशासन पटना ने दिन के समय बढ़ते तापमान को देखते हुए लू से बचने के लिए नागरिकों को आगाह किया और बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की हैं।
जिलाधिकारी पटना की तरफ से भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी गाइड लाइन का हवाला देते हुए कहा गया है कि जब बाहरी गर्मी से शरीर की लड़ने की क्षमता खत्म हो जाती है, तो मनुष्य का शरीर लू का शिकार हो जाता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी सूचना में कहा गया है कि पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के कारण औसत तापमान में वृद्धि हो रही है और गर्मी का समय भी बढ़ता जा रहा है। ऐसी स्थिति में खास तौर पर एहतियात की जरूरत है।
स्वास्थ मंत्रालय ने नागरिकों को आगाह किया है कि दोपहर के समय बहुत ज्यादा कड़ी मेहनत नहीं करें। ज्यादा कैफीन या चीनीयुक्त पानी नही पियें और काम के बीच रुक कर आराम करते रहें।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लू के शिकार होने पर शुरुआती राहत के उपाय भी बताए हैं। सलाह में कहा गया है कि ऐसे व्यक्ति को छांव में ले जा कर आराम देने के साथ ठंढी सिंकाई करनी चाहिए। इसके बाद थोड़ा थोड़ा ठंढा पानी पिलाने के साथ खाने के लिए तरल पदार्थ देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित