पटना , मई 08 -- बिहार में पटना जिले के पचमहला थाना क्षेत्र से पुलिस ने रूपया डबल करने का झांसा देकर ठगी करने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाढ़ 01), रामकृष्णा ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को पचमहला थानांतर्गत कुछ अभियुक्तों द्वारा आम जनता को रूपया डबल करने का झांसा देकर ठगी किए जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गठित टीम द्वारा छापेमारी के क्रम में ग्राम रामपुर डुमरा स्थित एक घर से पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए 10,10,000 रुपये नगद एवं दो मोबाईल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रविन्द्र कुमार, विश्वजीत कुमार, विष्णु कुमार,नारायण कुमार और विपिन कुमार के रूप में की गयी है।प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि अभियुक्त विभिन्न एजेंटों के माध्यम से जिला एवं अंतर्राज्यीय स्तर पर लोगों को रूपया डबल करने का झांसा देकर ठगी करते थे।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित