पटना , अक्टूबर 29 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने राजधानी पटना सहित धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के शहर गया जी और बोधगया को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त स्वच्छ, हरित और सुव्यवस्थित शहरों के रूप में विकसित करने का सुझाव मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दिया है।
डॉ. कुमार ने गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान अपनी हालिया पांच देशों की विदेश यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने विदेशों में उन्नत शहरी नियोजन, स्वच्छता, हरियाली और नागरिक जागरूकता की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी तर्ज पर पटना, गया जी और बोधगया का विकास किया जाना चाहिए, जिससे इन शहरों की अंतरराष्ट्रीय पहचान और सुदृढ़ हो सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से पटना शहर के आसपास तथा गया जी हवाई अड्डे से विष्णुपद मंदिर और बोधगया तक के मार्ग पर व्यापक हरियाली विकसित करने, हरित पट्टियों के निर्माण और सड़कों के सौंदर्यीकरण का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।
डॉ. कुमार ने हाल में संपन्न पितृपक्ष मेले के दौरान तर्पण और पिंडदान के लिए देश-विदेश से 53 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के गया जी आगमन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने मेले की बेहतर व्यवस्था के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि म्यांमार, वियतनाम, श्रीलंका और जापान सहित विभिन्न बौद्ध देशों से गया जी और बोधगया आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पर्यटकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं का विकास आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित