रायपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने उसके कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इस बीच पुलिस कार्रवाई से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने की आशंका के बाद अपराध निरोधक एवं साइबर इकाई में तैनात आरक्षक शिवम द्विवेदी को डीसीपी अपराध ने आरक्षक शिवम द्विवेदी को मौजूदा तैनाती से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।। हालांकि, इस कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार को शोएब ढेबर की तलाश में पाम बेलाजिओ स्थित उसके ठिकाने, बैरन बाजार के पारिवारिक आवास सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब इन ठिकानों से निकल चुका था। पुलिस को आशंका है कि वह दूसरे राज्य में भी जा सकता है। इसके मद्देनजर उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

शोएब के पुलिस की पकड़ में नहीं आने के बाद इस बात की भी जांच शुरू की गई है कि कहीं उसे दबिश की जानकारी पहले ही तो नहीं मिल गई थी। इसी क्रम में अपराध निरोधक एवं साइबर इकाई में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उस पर दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार्रवाई से संबंधित सूचना किस स्तर से बाहर गई और आरोपी तक कैसे पहुंची।

अदालत से शोएब को दोबारा गिरफ्तार करने की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी है। रायपुर के साथ ही दूसरे राज्यों में उसके संभावित ठिकानों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित