भदोही , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की साइबर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 करोड़ से अधिक के देशव्यापी इनवेस्टमेंट ट्रेडिंग फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में साइबर क्राइम थाना/साइबर सेल भदोही की टीम को आज एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम द्वारा फर्जी ट्रेडिंग एवं इनवेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को बनकट (छनौरा), थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि यह संगठित गिरोह फर्जी वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर ठगी करता था। गिरोह के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। साथ ही अभियुक्तों द्वारा 50 से अधिक म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर अवैध धनराशि प्राप्त एवं स्थानांतरित की जाती थी। साइबर पुलिस टीम द्वारा त्वरित वित्तीय कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में 30 लाख से अधिक की धनराशि फ्रीज कराई गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मन्नू सिंह (39) पुत्र लोलारख, निवासी नन्दापुर व ओमप्रकाश गौतम (35) पुत्र श्रीपति, निवासी चकसिखारी, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही के रूप में की गई है। साथ ही अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अभियुक्तों के पास से आधा दर्जन से अधिक मोबाइल, सिम, विभिन्न बैंकों की पासबुक, क्रेडिट/ डेविट कार्ड, चेकबुक, आधार व पैन कार्ड, खाता खोलने के फार्म सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की गई हैं।
बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों के बैंक खातों एवं साइबर ठगी नेटवर्क के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों केरल, हरियाणा, दिल्ली ,तेलंगाना, बिहार इत्यादि से कुल 50 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित