मुरैना , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र स्थित पगारा बांध में पिकनिक मनाने आए ग्वालियर निवासी एक युवक की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम ग्वालियर से छह युवक स्कॉर्पियो वाहन से पगारा बांध घूमने पहुंचे थे। इनमें से चार युवक नहाने के लिए पानी में उतरे। इस दौरान तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण 30 वर्षीय त्रिलोक गुप्ता पानी में डूब गया, जबकि तीन अन्य युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलने पर जौरा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर गुरुवार को परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच प्रारंभ कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित