पटना , अप्रैल 17 -- िहार के उपमुख्यमंत्री और ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले राज्य में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री श्री यादव ने आज विश्वेश्वरैया भवन स्थित विभागीय मुख्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की प्रगति एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
श्री यादव ने इस अवसर पर राज्य के विकास में ग्रामीण कार्य विभाग की महत्ता पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कार्य विभाग बिहार के समग्र विकास का एक प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले राज्य में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण बाजारों को सशक्त बनाने के लिए यह जरूरी है कि कृषि उत्पाद सुरक्षित तरीके से बड़े बाजारों तक पहुंचे।
श्री यादव ने भरोसा दिलाया कि राज्य भर में ग्रामीण सड़कों का निर्माण कार्य न केवल द्रुत गति से संचालित किया जाएगा, बल्कि उसकी गुणवत्ता और दीर्घकालिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीकी दक्षता को और सुदृढ़ करने पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण आधारभूत संरचना को बेहतर और टिकाऊ बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित