चंपावत , सितंबर 05 -- भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती 10 सितंबर को चंपावत जनपद में गरिमामय एवं भव्य रूप से मनायी जाएगी।
इस संबंध में शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में तैयारी बैठक संपन्न हुई, जिसमें पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में स्थापित पंडित पंत की सभी प्रतिमाओं और स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा प्रकाश व्यवस्था जयंती से पहले पूरी कर ली जाए। मुख्य समारोह के तहत सुबह 10 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम होगा, इसके बाद 10:30 बजे नगर पालिका चंपावत स्थित पंत पार्क में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थानों में पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड संस्कृति विभाग पंत जी के जीवन वृत्त, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, सामाजिक दर्शन और देशभक्ति पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाएगा। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद और विचार गोष्ठी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकाय प्रभारियों को सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, उपजिलाधिकारी चंपावत विपिन चंद्र पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मानसिंह सहित पंत फाउंडेशन के संयोजक शंकर पांडे, सदस्य गौरव पांडे, नंदन तड़ागी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित