जयपुर , मार्च 09 -- राजस्थान विधानसभा में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने सोमवार को बताया कि पंवार समिति की सर्वे रिपोर्ट के बाद प्रदेश में नयी राजस्व इकाइयों का गठन एवं वर्तमान इकाइयों में संशोधन के संबंध में कार्यवाही की जाएगी।
श्री मीणा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छगन सिंह राजपुरोहित के पूरक प्रश्न के जवाब में बताया कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर विधानसभा क्षेत्र आहोर में नवीन पटवार मंडलों के गठन, पुनर्गठन करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
श्री मीणा ने श्री राजपुरोहित के मूल प्रश्न का लिखित जवाब देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र आहोर में वर्तमान में 71 पटवार मण्डल संचालित है। पटवार मंडलों की तहसीलवार सूची उन्होंने सदन के पटल पर रखी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र आहोर में 11 पटवार मण्डल है जो ग्राम पंचायतवार नहीं है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र आहोर में नवीन पटवार मंडलों के गठन, पुनर्गठन करने संबंधी कोई भी प्रस्ताव विभाग स्तर पर विचाराधीन नहीं है। पटवारियों के रिक्त पदों पर पदस्थापन किया जाना एक सतत प्रक्रिया है एवं विभाग द्वारा इन पदों को भरे जाने की कार्यवाही समय- समय पर की जाती है।इसी क्रम में वर्तमान में पटवारी की सीधी भर्ती करवाकर 3319 चयनित अभ्यर्थियों को जिला आवंटन करते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों (जिला कलक्टर) की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किये जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित