सूरजपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पंप चोरी के आरोप में दो युवकों को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाने और उनके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमगांव से पंप चोरी कर उसे महज एक हजार रुपये में बेचने का आरोप दो युवकों पर लगा है। दोनों युवक ग्राम पंचायत कोट के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उन्हें जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी किए जाने की बात सामने आई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें दोनों युवकों को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के संबंध में शुक्रवार सुबह तक रामानुजनगर थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। फिलहाल पंप चोरी के आरोप और युवकों के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित