अलवर , सितम्बर 16 -- राजस्थान में अलवर में करीब 15 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद दी अलवर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के संचालक मंडल का चुनाव संपन्न हुआ।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अलवर क्रय-विक्रय सहकारी समिति के प्रतिनिधि संजय सिंह नरुका को निर्विरोध बैंक का अध्यक्ष चुना गया। वहीं मैनपुर ग्राम सेवा सहकारी समिति, मुंडावर के प्रतिनिधि इंद्रजीत यादव निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। लंबे समय बाद बैंक को नया निर्वाचित बोर्ड मिलने से सहकारिता क्षेत्र में भी हलचल तेज हो गयी है।
नव निर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह नरुका ने किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना अपनी पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर और सरल तरीके से अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ई-मित्र और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया जायेगा, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित