श्रीगंगानगर , मई 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में दबिश देकर अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि थाना प्रभारी अजय कुमार को चक 62-जीबी(बी) निवासी अमरजीत सिंह उर्फ काला (52) जटसिख के बारे में विश्वसनीय सूचना मिली थी कि वह अवैध रूप से डोडा पोस्त की तस्करी कर रहा है। वह लम्बे समय से इस गतिविधि में संलिप्त बताया जा रहा था। पुलिस को कई बार सूचना मिल चुकी थी, लेकिन वह हर बार पकड़ से बच निकलता था।

इस बार थाना प्रभारी अजयकुमार ने मामले को बेहद गोपनीय रखा। उन्होंने अपने थाने के स्टाफ को भी छापे की जानकारी नहीं दी। खुद खुफिया सूत्रों के माध्यम से जानकारी जुटाई और पुख्ता सूचना मिलते ही गुरुवार शाम को 62-जीबी (बी) स्थित अमरजीतसिंह के मकान पर छापा मारा गया। छापे के दौरान घर के बाहर खड़ी गाड़ी के पास एक प्लास्टिक के कट्टे में 15 किलो 196 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, लेकिन अमरजीत सिंह छापे से ठीक पहले घर से फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित