पौड़ी , अगस्त 10 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 15 अगस्त से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एजेंसी चौक से रामलीला मैदान तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग को सौंपी गई है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रभात फेरी को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें बालक, बालिका और ओपन वर्ग के धावक प्रतिभाग करेंगे। युवा कल्याण एवं खेल विभाग को प्रतियोगिता की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग से समन्वय करने को कहा गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
श्री चौहान ने नगर पालिका को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा शहीद स्मारक की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 और 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाए।
मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक इंतजाम करने तथा स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित