पंतनगर , अप्रैल 15 -- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उड़े देश का आम आदमी (उड़ान) योजना के तहत बुधवार को पंतनगर से नैनीताल के लिए हवाई सेवा शुरू हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून - अल्मोड़ा हवाई सेवा को ही विस्तारित कर नैनीताल के नौकुचियाताल के लिए शुरू की गई है।
रुद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आज सुबह इस पवन हंस लिमिटेड की हवाई सेवा को पंतनगर से नौकुचियाताल के लिए हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर विधायक शिव अरोरा ने इसे पर्यटन और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए "क्रांतिकारी कदम" बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और पंतनगर को जोड़ने के लिए हेली सेवाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह हेली सेवा देहरादून, पंतनगर, नौकुचिया ताल और अल्मोड़ा को जोड़ रही है, जिससे समय की बचत होगी और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में जल्द कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे भविष्य में यह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी जुड़ेगा।
प्रशासन के अनुसार, जल्द ही इस हेली सेवा का विस्तार कर नैनीताल तक भी संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जानकारों के अनुसार पवन हंस लिमिटेड कंपनी का हेलीकाॅप्टर सुबह देहरादून से उड़ कर अल्मोड़ा के लिए रवाना होगा। फिर अल्मोड़ा से पंतनगर और उसके बाद पंतनगर से नैनीताल के नौकुचियाताल पहुंचेगा। यही सेवा नौकुचियाताल से पंतनगर और इसके बाद पंतनगर से अल्मोड़ा जाएगी और अंततः अल्मोड़ा से देहरादून के लिए रवाना होगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित