जयपुर , मार्च 26 -- प्रख्यात वक्ता एवं शिव महापुराण कथावाचक प्रदीप मिश्रा को उनके आध्यात्मिक योगदान के लिए मल्टीनेशनल बुक ऑफ़ रिकार्ड्स (ल्ंदन) द्वारा प्रतिष्ठित 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है।
संस्था के भारत में मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय ने गुरुवार को बताया कि पंडित मिश्रा को यह सम्मान जयपुर में आयोजित एक समारोह में देश-विदेश से जुड़े अनेक गणमान्य लोग, संत समाज एवं श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दिया गया। यह सम्मान उन्हें सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, शिव महापुराण की कथाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में आध्यात्मिक जागरूकता लाने तथा समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों को सुदृढ़ करने के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्री उपाध्याय ने कहा कि पंडित मिश्रा ने अपनी ओजस्वी वाणी और सरल शैली से आध्यात्मिक ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का अद्भुत कार्य किया है। उनकी कथाओं ने विशेष रूप से युवाओं में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके द्वारा दियेगये संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सद्भावना को बढ़ावा देते हैं।
यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का गौरव है बल्कि संपूर्ण आध्यात्मिक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान करते हुए आयोजकों ने उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा भविष्य में भी समाज के मार्गदर्शन के लिए उनके सतत योगदान की अपेक्षा जतायी। इस अवसर पर संस्था की समन्वयक गरिमा जैन एवं अरिहंत उपाध्याय भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित