पटना , जुलाई 05 -- बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पंडवानी गायन की विश्वविख्यात लोक कलाकार तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
डॉ. कुमार ने कहा कि तीजन बाई का निधन भारतीय लोककला और सांस्कृतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने अद्वितीय गायन, ओजपूर्ण प्रस्तुति और असाधारण कला-साधना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक नाट्य परंपरा 'पंडवानी' को विश्व मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका संपूर्ण जीवन भारतीय लोककला के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहा।
विधानसभा ने कहा कि तीजन बाई को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए भारत सरकार ने देश के द्वितीय नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। उनकी साधना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस महान कलाकार की कला और संस्कृति के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान को देश सदैव श्रद्धापूर्वक स्मरण करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित