पौड़ी, जून, 16 -- उत्तराखंड में गढ़वाल के मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने मंगलवार को देशभर से चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह यात्रा शुरू करने से पहले अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री तथा हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है और यात्रा मार्गों पर मौसम भी अनुकूल बना हुआ है।
मंडलायुक्त ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर सात पंजीकरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। पंजीकरण के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निगरानी तथा आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलती है, जिससे यात्रा अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल चारधाम यात्रा का ही केंद्र नहीं है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक धरोहर से समृद्ध प्रदेश भी है। श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब के अलावा प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर सकते हैं, जहां प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
श्री स्वरूप ने यात्रियों से प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों एवं सलाहों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेना आवश्यक है। किसी भी स्थान पर मौसम प्रतिकूल होने अथवा मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी गई हैं।
मंडलायुक्त ने बताया कि यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर पार्किंग, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, शौचालय तथा ठहरने की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त धामों तक जाने वाले पैदल मार्गों और प्रमुख पार्किंग स्थलों पर भी स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद अनुभव बने। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से संयम एवं अनुशासन बनाए रखते हुए प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित