श्रीगंगानगर , जून 26 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थ निरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने पंजाब के फाजिल्का शहर से 166 ग्राम हेरोइन खरीदकर रावला आ रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर शाम को रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक कार में सवार अनुज बिश्नोई (32), संजय उर्फ सेठी (21) और श्रीकृष्ण उर्फ राहुल (32) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 166 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ कल देर रात नशीले द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत में लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि यह तीनों युवक रावला से फाजिल्का पहुंचे थे वहां उन्होंने मोबाइल फोन पर किसी से संपर्क किया इसके बाद एक व्यक्ति जाकर इनको हेरोइन देकर चला गया था। वहां से वापस रावला जाते हुए रायसिंहनगर-अनूपगढ़ मार्ग पर गांव ठाकरी के बस अड्डे के पास एएनटीएफ ने पुलिस के साथ मिलकर उन्हें पकड़ लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित