धार , मई 24 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में टांडा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही 705 पेटी बीयर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विशेष अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अवैध बीयर की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टांडा पुलिस ने कुक्षी पुलिस, राजगढ़ पुलिस और साइबर सेल की टीम के साथ इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध आयशर ट्रक क्रमांक पीबी-07 बीआर-4987 को रोका।
तलाशी के दौरान ट्रक से अलग-अलग ब्रांड की 705 पेटी बीयर बरामद की गई, जिन्हें क्रेट्स में भरकर छिपाया गया था। पुलिस ने ट्रक सहित कुल 28 लाख 82 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
मौके से ट्रक चालक भागचंद गुर्जर (40) निवासी होशियारपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना टांडा में अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 46 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब तस्करी नेटवर्क के तार अन्य राज्यों में कहां-कहां जुड़े हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय कुमार रावत, राजेश यादव, समीर पाटीदार, रमेशचंद्र नायक, रामसिंह हटीला, रामदास सोलंकी, माधवसिंह वसुनिया, सुनील पवार, निलेश तथा साइबर सेल के उपनिरीक्षक प्रशांत गुंजाल एवं आरक्षक प्रशांत सिंह चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित