चंडीगढ़ , जून 21 -- पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ रवजोत सिंह ने रविवार को बताया कि राज्य सरकार 24 जून को मोहाली स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में 'एनआरआई मिलनी 2026' का आयोजन करने जा रही है।
श्री सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम वैश्विक पंजाबी प्रवासी समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करने तथा अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मंच एनआरआई समुदाय को पंजाब सरकार के साथ सीधे संवाद का अवसर प्रदान करेगा, जहां वे अपनी समस्याएं, सुझाव और विभिन्न मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
डॉ. सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एनआरआई समुदाय के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना, उनकी शिकायतों का पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा शिकायत निवारण तंत्र को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार दुनिया भर में बसे पंजाबियों के साथ अपने रिश्तों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में एसएएस नगर (मोहाली), रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों से संबंधित एनआरआई नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उन्होंने पात्र एनआरआई नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करें और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें अवगत करायें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक एनआरआई नागरिकों को पूर्व पंजीकरण करवाना होगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। पंजीकरण के दौरान प्रतिभागियों को अपना पूरा नाम, पता, संपर्क नंबर, ई-मेल आईडी तथा यदि कोई लंबित शिकायत या मामला हो तो उसका विवरण भी देना होगा, ताकि संबंधित मामलों का प्रभावी और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।
डॉ. सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार एनआरआई समुदाय के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 'एनआरआई मिलनी 2026' संवाद, सहयोग और समस्या समाधान का एक प्रभावी मंच साबित होगा तथा पंजाब और वैश्विक पंजाबी समुदाय के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने सभी पात्र एनआरआई नागरिकों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि यह आयोजन विश्वभर में बसे पंजाबियों के लिए सार्थक और सफल साबित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित