चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को कहा कि भगवंत मान सरकार ने 180 ईटीटी-टीईटी पास शिक्षकों की वेतन विसंगति और सेवा संबंधी अन्य मामलों के समाधान के लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
कर्मचारियों के मुद्दों के समाधान के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति के प्रमुख चीमा ने शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों कोस्वयं आदेश की प्रति सौंपी। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा (प्राथमिक) निदेशालय की ओर से जारी आदेश में वित्त विभाग के निर्देशों और संबंधित न्यायिक फैसलों के अनुरूप वेतन निर्धारण को मंजूरी दी गई है।आदेश में 2016 से जुड़े वित्तीय लाभ और नियुक्ति में समानता के मामलों की जांच के लिए एक पूर्व अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को जांच अधिकारी नियुक्त किए जाने का भी उल्लेख है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।इसके बाद चीमा ने शिक्षा विभाग के विभिन्न कर्मचारी और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडलीय उपसमिति संगठनों की जायज मांगों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रही है और उनका निष्पक्ष तथा समयबद्ध समाधान करने के लिए प्रयासरत है। बैठकों में ईटीटी-टीईटी पास बेरोजगार अध्यापक संघ ने राज्य के शिक्षा विभाग में खाली पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की मांग की। बीएड-टीईटी पास बेरोजगार अध्यापक संघ ने भर्ती और कैडर संबंधी लंबित मामलों को हल करने की मांग उठाई, जबकि विशेष शिक्षक मोर्चा ने शेष रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
विशेष कैडर अध्यापक मोर्चा ने नियमित वेतनमान लागू करने, सेवा नियम बनाने, अवकाश लाभ देने और पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी। ईटीटी 2364 बेरोजगार अध्यापक संघ ने शेष प्रतीक्षा सूचियां जारी करने तथा चयनित अभ्यर्थियों को स्टेशन आवंटित करने या तबादले का अवसर देने की मांग की।
एनएसक्यूएफ व्यावसायिक शिक्षक मोर्चा ने शिक्षकों को निजी कंपनियों के अनुबंध से निकालकर विभाग के सीधे अधीन नियमित नियमों के तहत लाने की मांग की। बेरोजगार लाइब्रेरियन मोर्चा ने सरकारी स्कूलों में पुस्तकालयाध्यक्षों के रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी करने, जबकि लेक्चरर भर्ती पंजाब ने शेष पांच विषयों की परीक्षाएं आयोजित करने की मांग की। ईटीटी-टीईटी पास 5994 बैकलॉग अध्यापक संघ ने शेष अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने तथा लंबित आरक्षित बैकलॉग पदों को अनारक्षित कर भरने की मांग उठाई। बीएड-टीईटी पास बेरोजगार अध्यापक संघ, मुड़ बहाल कच्चे अध्यापक संघ और बेरोजगार पीएसटीईटी पास आर्ट एंड क्राफ्ट संघर्ष यूनियन के प्रतिनिधियों ने भी मंत्री के साथ अलग-अलग बैठकों में अपने मुद्दे रखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित