चंडीगढ़ , अगस्त 31 -- पंजाब सरकार ने सफाई सेवकों को बड़ी राहत देते हुए उनके मासिक मानदेय में 10,000 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। अब तक सफाई सेवकों को 10,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 20,500 रुपये कर दिया गया है। यह नयी दरें एक अगस्त 2026 से लागू होंगी।

सरकार के निर्णय के अनुसार, जिन सफाई सेवकों ने लगातार पांच वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें नियमित किये जाने पर विचार किया जाएगा। जो कर्मचारी सेवा अवधि के दौरान सेवानिवृत्त होंगे, उनके परिवार के पात्र सदस्य को तीन माह के भीतर नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस निर्णय के साथ सफाई सेवकों को ठेकेदारों के माध्यम से कार्य पर नहीं रखा जाएगा। साथ ही, सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा।

पंजाब में वर्तमान में करीब 300 यूनिट पूरी तरह मशीन आधारित हैं, जिनका बजट लगभग 2,900 रुपये प्रति यूनिट है। सरकार का लक्ष्य इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाना है। इसके अलावा, राज्य में लगभग 1,000 नयी मशीनें खरीदी जाएंगी, जिससे सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

सरकार ने यह भी घोषणा की है कि 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में सफाई कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राज्य की सभी दलित बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए 1,500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान करने की योजना भी लागू की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित