जयपुर , सितंबर 11 -- राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर पंजाब के लोगों को बिल्कुल ताक पर रख देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने केवल अपनी पार्टी के राजनीतिक नेतृत्व को संरक्षण एवं मदद करने का काम किया हैं।

श्री पायलट ने शुक्रवार को यहां नगर निकाय चुनाव में मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाब एक ऐसा राज्य है जिसकी अहमियत, योगदान एवं महत्व ना सिर्फ हमारी पार्टी के लिए है बल्कि पूरे देश के लिए है। वह एक बहुत अहम सूबा एवं सीमा राज्य है वहां पर अगले साल जल्द चुनाव होने वाले है और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जिम्मेदारी दी है।

श्री पायलट ने कहा कि उन्होंने पिछले दो-तीन दिनों में लगभग पंजाब के सभी नेताओं से मुलाकात की है और बहुत जल्द वहां पर जाकर औपचारिक चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। वहां पर जो सरकार है आम आदमी पार्टी की जब वो सरकार बनी थी तो बहुत ऐतिहासिक बहुमत उनको मिला था। इन चार-पांच सालों में उस पार्टी की सरकार ने सिर्फ अपनी पार्टी के राजनीतिक नेतृत्व को संरक्षण दिया, मदद किया, प्रोटेक्ट किया और प्रदेश के लोगों को उन्होंने बिल्कुल ताक पर रख दिया।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स का है और खुलेआम वहां पर जो एक गिरोह बना है, उसको तोड़ने की सरकार की ना तो इच्छाशक्ति है और ना उन्होंने आज तक कोई प्रयास किया है। अब जब सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है, अब बड़े-बड़े वादे किये जा रहे हैं कि हम नशा मुक्त बनायेंगे पंजाब को , लेकिन यहां के नौजवानों को इस अंधकार की तरफ धकेलने की जिम्मेदारी किसकी है।

उन्होंने कहा कि 12 साल से केंद्र की सरकार है और इस देश में जो ड्रग्स हैं वो कहीं ना कहीं से तो आती हैं। सीमा किसके पास हैं। दुनिया में सबसे बड़ा जो ड्रग रिकवरी हुई है हिंदुस्तान में हुई है। इक्कीस हजार करोड़ का कोकेन पकड़ा गया। कितना यहां पर ड्रग्स और कोकेन आता होगा और भयंकर केमिकल ड्रग्स पूरे नौजवानों को मिल रहे हैं। मन दहल जाता है। उन लोगों के जीवन को बेहतर करने का जिम्मेदारी किन लोगों की जिनके पास सत्ता है उनकी जिम्मेदारी है।

श्री पायलट ने कहा, "हमारी पार्टी का यह प्रमुख मुद्दा है कि वहां पर जो कानून व्यवस्था, ड्रग्स एवं बेरोजगारी का मुद्दा है। युवा जो आज अंधकार में है पंजाब के अधिकांश लोग विदेश क्यों जाना चाहते हैं। क्या हम नहीं चाहते हमारे नौजवान यहां पर रहे। अब व्यवस्था को बदलने का समय आ गया और कांग्रेस पार्टी का एक ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। जब जब हमारी सरकार रही चाहे सरदार बेअंत सिंह हों जिन्होंने शहादत दी अपनी पंजाब को अंधकार से निकालने के लिए कांग्रेस सरकारों ने बहुत काम किया और कांग्रेस का जो ट्रैक रिकॉर्ड है जनता के सामने हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब में अब बहुत कुछ खराब हो चुका है। संभालने का समय आ गया और जनता जानती है कि अगर कोई बेहतर विकल्प है तो कांग्रेस है।

श्री पायलट ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की वापसी को लेकर कहा कि उनकी इस विषय में किसी से चर्चा नहीं हुई। पंजाब में पार्टी के चेहरे को लेकर श्री पायलट ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि जिन लोगों को गालियां देते थे जिनको छटका दिया था। आज वापस उनके शरण में क्यों जाना पड़ रहा है। जहां तक अकाली दल की बात है, अकाली दल भी आज वो नहीं है जो बादल साहब के जमाने में था। कई उसमें टूट हो गयी है। पार्टी अलग-अलग बन गयी हैं और दोनों दल शिरोमणि अकाली दल और भाजपा जमीन तलाशने के लिए एक दूसरे का साथ लेने की कोशिश कर रहे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित