चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार नकल और भर्ती घोटालों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
श्री ढिल्लों ने पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (पीएसएसएसबी) की ग्रुप-बी भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि घटना के छह महीने बाद भी जांच किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे करीब एक लाख अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने फार्मेसी अधिकारी भर्ती के दौरान फरीदकोट में सामने आये कथित हाईटेक नकल रैकेट का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों में पेन कैमरा और ब्लूटूथ उपकरणों के जरिए अभ्यर्थियों से 3.5 लाख से 13 लाख रुपये तक लेकर सरकारी नौकरियां दिलाने का खेल चल रहा था।
उन्होंने दावा किया कि परीक्षा केंद्रों पर सिग्नल जैमर की व्यवस्था न होना सरकार की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया कि ईमानदारी का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल इन मामलों पर चुप क्यों हैं। उन्होंने पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
श्री ढिल्लों ने कहा कि राज्य की जनता अब सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है और युवाओं के भविष्य से कथित खिलवाड़ का जवाब देगी। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा मामले में तुरंत सीबीआई जांच के आदेश दिये, जिसके बाद कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
उन्होंने दावा किया कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था की गयी है और इस तरह के मामलों में सख्त दंड का प्रावधान करने के लिए कानून भी लाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित