चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बुधवार को कहा कि सरकार पूरे राज्य में 3,100 ग्रामीण खेल मैदान तैयार कर रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशों की दलदल से निकालकर खेलों की ओर प्रेरित करना है।

श्री सौंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि प्रोजेक्ट की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने तीन विशेष फ्लाइंग स्क्वाड तैनातकिये हैं। ये दल सरकार की 'आंखें और कान' के रूप में काम करेंगे और विभिन्न गांवों में जाकर जमीनी स्तर पर जांच करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल कागजी कार्रवाई नहीं चलेगी, जमीन पर काम की गुणवत्ता दिखनी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि खेल मैदानों की जमीनी रिपोर्ट के लिए हमने एक एमआइएस पोर्टल तैयार किया है, जिसमें संबंधित अधिकारी को विकास कार्य की हर 15 दिनों में फोटो और जियो टैगिंग के साथ रिपोर्ट भेजनी होगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जहां भी झूठी रिपोर्टिंग या काम में लापरवाही पायी गयी, वहां तुरंत कार्रवाई अमल में लायी गयी है। कई अधिकारियों को निलंबित किया गया है और कारण-बताओ नोटिस जारी किये गये हैं। उन्होंने कहा कि काम की निगरानी के लिए तीसरे पक्ष (थर्ड पार्टी) के टेक्नो-फाइनेंशियल ऑडिट की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में सरपंचों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय खेल क्लबों को भी महत्वपूर्ण हिस्सेदार बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित