चंडीगढ़ , अगस्त 27 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने राज्य सरकार के कर्मचारियों की ओर से की जा रही 'महाहड़ताल' का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर कर्मचारियों के साथ गंभीर अन्याय करने का आरोप लगाया है।
राजा वडिंग ने गुरुवार को कहा कि पंजाब के सरकारी कर्मचारी आज सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि सरकार उनके जायज बकाया और अधिकारों को देने से इनकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की 'महाहड़ताल' इस बात का स्पष्ट संकेत है कि सरकार ने अपने कर्मचारियों को निराश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की वास्तविक मांगों का समाधान करने के बजाय सरकार उन्हें आंदोलन करने और अपने अधिकारों के लिए अदालतों का दरवाजा खटखटाने को मजबूर कर रही है।
राजा वडिंग के अनुसार, सरकार लंबित महंगाई भत्ते (डीए) के बकाये का भुगतान करने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने संबंधी अपने वादे को पूरा करने के लिए तैयार नहीं है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और उसके सभी कार्यकर्ता कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों के संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनके जायज अधिकार दिलाने के लिए कांग्रेस उनका समर्थन जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित