मोहाली , जून 08 -- पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सोमवार को राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, बढ़ते डर के माहौल और कानून-व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
श्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी की कथित विफलताओं को उजागर करने वाले बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि विरोध के प्रतीक के रूप में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर झाड़ू बिखेरीं। उनका कहना था कि जिस तरह आज झाड़ू बिखरी हुई दिखाई दे रही है, उसी तरह आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर देगी।
श्री सिद्धू ने आरोप लगाया कि पंजाब में लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवस्थित तरीके से कमजोर किया जा रहा है और सरकार अपनी नीतियों तथा कार्यप्रणाली की आलोचना करने वाली हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने टांडा के कांग्रेस कार्यकर्ता अर्शदीप सिंह की कथित तौर पर झाड़ू के अपमान के आरोप में हुई गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना दर्शाती है कि सरकार राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न से जुड़े मामले में तत्काल कार्रवाई की जा सकती है तो श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों में दोषियों को अब तक सजा क्यों नहीं मिली।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कर्मचारी संगठनों और आम नागरिकों की जायज चिंताओं को सुनने के बजाय विरोध की आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक प्रवृत्ति है।
श्री सिद्धू ने पटियाला में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे पीएसपीसीएल कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के खिलाफ बल प्रयोग सरकार की तानाशाही मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अपने प्रदर्शन पर सवाल उठाने वाले प्रत्येक व्यक्ति, संगठन और राजनीतिक दल को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता डर और दमन के आगे झुकने वाली नहीं है तथा कांग्रेस पार्टी लोगों की आवाज बनकर अन्याय, दमन और अलोकतांत्रिक कार्यों का विरोध जारी रखेगी।
सरकार को चेतावनी देते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि पंजाब ने हमेशा तानाशाही और दमन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि जनमत को बल प्रयोग, झूठे मुकदमों और धमकियों के जरिए दबाया नहीं जा सकता। यदि सरकार ने कथित राजनीतिक प्रतिशोध और डराने-धमकाने की राजनीति बंद नहीं की तो कांग्रेस पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संवैधानिक लड़ाई लड़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित