चंडीगढ़ , जून 17 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कहा है कि राज्य तेजी से वैश्विक औद्योगिक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 1.74 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया जा चुका है, जिसके परिणामस्वरूप 5.89 लाख रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। यह उपलब्धि पंजाब की अर्थव्यवस्था को नयी गति देने के साथ-साथ युवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बुधवार को जारी बयान में श्री संधवां ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती अब कृषि के साथ-साथ औद्योगिक विकास के लिए भी अनुकूल बन चुकी है। उन्होंने देश और विदेश के बड़े औद्योगिक घरानों को पंजाब में निवेश करने और अपने उद्योग स्थापित करने का खुला निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में उद्यमिता की अहम भूमिका है। अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चों को स्टार्टअप और नवाचार की ओर प्रेरित करें। युवाओं को संबोधित करते हुए श्री संधवां ने कहा कि उन्हें नौकरी तलाशने की बजाय नौकरी देने वाला बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। अपना कारोबार शुरू कर युवा न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।

श्री संधवां ने कहा कि दुनिया के कई देशों की आर्थिक प्रगति का आधार मजबूत औद्योगिक ढांचा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चीन के तीव्र विकास में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पंजाब ने निवेश के क्षेत्र में रिकॉर्ड उपलब्धियां हासिल की हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने उद्योग क्षेत्र को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से विभिन्न देशों में संपर्क अभियान चलाये गये हैं, जिससे प्रवासी भारतीयों और विदेशी निवेशकों में पंजाब को लेकर उत्साह बढ़ा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गयी नयी औद्योगिक नीति को उद्योग जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने बताया कि यह नीति उद्योगपतियों की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गयी है, जिससे निवेशकों की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखा गया है।

श्री संधवां ने कहा कि मोहाली को विश्वस्तरीय सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने वैश्विक औद्योगिक समूहों और आईटी कंपनियों से पंजाब में निवेश करने तथा राज्य की विकास यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित