चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में शुक्रवार को पंजाब सरकार के पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने और लंबित महंगाई भत्ते की मांग को लेकर महारैली कर रहे हजारों कर्मचारियों और चंडीगढ़ पुलिस के बीच शुक्रवार को तीखी झड़प हो गयी, जिस पर पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।

पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी, स्कूल शिक्षक और अन्य कर्मचारी शुक्रवार को सामूहिक छुट्टी लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर-39 में आयोजित महारैली में पहुंचे।

महारैली के बाद कुछ कर्मचारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन से पानी की बौछारें कीं। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को निर्धारित रैली स्थल तक सीमित रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी बैरीकेडिंग तोड़कर पंजाब विधानसभा की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे।

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि सरकार ने ओपीएस लागू करने का वादा किया था और इस संबंध में अधिसूचना भी जारी की गयी, लेकिन इसके बावजूद योजना को पूरी तरह लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों ने सरकार से अपने वादे को पूरा करने और लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की।

कर्मचारियों ने ओपीएस बहाल करने, महंगाई भत्ते का बकाया भुगतान करने, अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने और वेतन विसंगतियां दूर करने सहित कई मांगें उठायी हैं।

अमित.श्रवणवार्ताकर्मचारियों के सामूहिक अवकाश के कारण पंजाब के कई सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में कामकाज प्रभावित रहा। इससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ के कई हिस्सों में यातायात डायवर्ट किया गया, जिसके चलते शहरवासियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।

रैली को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये। सेक्टर-39 और रैली स्थल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस ने कर्मचारियों को निर्धारित रैली स्थल तक जाने की अनुमति दी, लेकिन स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के बाद यदि कोई समूह वहां से निकलकर आगे बढ़ने का प्रयास करता है तो उसे आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कर्मचारी और शिक्षक संगठनों ने पहले ही विभागाध्यक्षों और स्कूल प्रधानाचार्यों को सामूहिक छुट्टी का नोटिस दे दिया था। पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी रैली में पहुंचे। वहीं, शिक्षकों ने छात्रों को एक दिन पहले ही स्कूल नहीं आने की सूचना दे दी थी, जिससे स्कूलों में भी कामकाज प्रभावित रहा।

अमित.श्रवणवार्ता OPS और DA की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन चंडीगढ़ में पुलिस ने किया वॉटर कैनन का इस्तेमाल।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित