चंडीगढ़ , मार्च 16 -- पंजाब विधानसभा में सोमवार को जल संसाधन और खनन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दो महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जिसे सदन ने बहुमत से पारित कर दिया ।

पहला विधेयक, 'पंजाब क्रशर इकाइयों, स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं का विनियमन (संशोधन) विधेयक, 2026', पंजाब के जल संसाधन और खनन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल किया गया था। जबकि, दूसरा विधेयक, 'श्री गुरु तेग बहादुर वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी, पंजाब विधेयक, 2026', पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा पेश किया गया। इन दोनो विधेयकों को सदन द्वारा सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

सदन ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव भी पारित किया, जिसमें केंद्र सरकार से प्रसिद्ध दलित नेता और समाज सुधारक साहिब श्री कांशी राम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित करने की सिफारिश की गई है।

इसके अलावा, सदन ने विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ की गई अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। यह प्रस्ताव विधायक मंजीत सिंह बिलासपुर ने प्रस्तुत किया था।

इससे पहले, सदन के पटल पर कुल 11 रिपोर्टें रखी गईं, जिनमें वर्ष 2023-24 के लिए राज्य वित्त पर भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट, मार्च 2023 को समाप्त अवधि के लिए राज्य सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों, राज्य राजस्व और अन्य विषयों पर कैग की रिपोर्ट, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के प्रदर्शन ऑडिट और पंजाब में शहरी स्थानीय निकायों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर कैग की रिपोर्ट, वर्ष 2024-25 के लिए पंजाब सरकार के वित्त लेख (खंड-I और खंड-II) और विनियोग लेख और बुड्ढा दरिया और घग्गर दरिया पर बनी समिति के अध्यक्ष की रिपोर्ट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2026-27 के लिए निर्वाचित समितियों के गठन के संबंध में एक प्रस्ताव भी सदन में लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित