चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने समीक्षा के दूसरे दिन सभी 23 जिलों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त पवन कुमार शर्मा, उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल और महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना शामिल रहीं। अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव तैयारियों की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।

समीक्षा के दौरान चुनाव आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, मतदान से पहले सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे करने और कानून व्यवस्था लागू करने के प्रभावी इंतजामों पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित