चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को विधानसभा का सत्र महज 8-10 मिनट में समाप्त होने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह जवाबदेही से बच रही है।
उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान न तो पंजाब के अहम् मुद्दों पर चर्चा हुई और न ही राज्य की समस्याओं पर विचार किया गया। इससे जनता के पैसे की बर्बादी हुई है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि राज्य सरकार को नशा तस्करी, गैंगस्टरवाद, फिरौती और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर जनता को जवाब देना होगा। उन्होंने परमिंदर सिंह झोटा, बिक्रमजीत सिंह और गुलजार सिंह की मौत के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि लोग सरकार से जवाब मांग रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकारी कर्मचारी हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी मांगें मानने के बजाय सरकार उन्हें डराने और धमकाने में लगी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कर्मचारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि किसान अनाज मंडियों में परेशान हैं, नशे से युवा प्रभावित हो रहे हैं और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है। उन्होंने राज्य में गोलीबारी और हत्या की घटनाओं को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के पास राज्य की समस्याओं के समाधान के लिए समय नहीं है, जबकि दिल्ली से आए नेता पिछले साढ़े चार वर्षों से पंजाब का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने आप सरकार से भाजपा की चिंता छोड़कर पंजाब के मुद्दों पर ध्यान देने को कहा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे का उल्लेख करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि श्री शाह ने 31 दिसंबर, 2029 तक राज्य से नशे का सफाया करने का लक्ष्य दोहराया है। उनके मुताबिक, गृह मंत्री ने पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने का दावा भी किया है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है और पार्टी अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित