चंडीगढ़ , मई 12 -- पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंगलवार को राज्य विजिलेंस ब्यूरो मुख्यालय पर हुई केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई ने सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी दावों की पोल खोल दी है।

श्री रंधावा ने कहा कि यह पंजाब के इतिहास में पहली बार हुआ है, जब किसी केंद्रीय एजेंसी ने विजिलेंस मुख्यालय पर छापा मारा है। उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए शर्मनाक बताया और कहा कि इसकी जिम्मेदारी भगवंत सिंह मान सरकार पर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में पहले गैंगस्टरों का आतंक था और अब विजिलेंस मुख्यालय भी भ्रष्टाचार और वसूली का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा सरकार को जनता को बताना चाहिए कि हालात इस स्तर तक कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद विजिलेंस विभाग देखते हैं और 'जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन' की बात करते हैं, लेकिन उसी विभाग के मुख्यालय पर सीबीआई छापा गंभीर सवाल खड़े करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित