चंडीगढ़ , अक्तूबर 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने पंजाब रोडवेज और पंजाब रोडवेज परिवहन निगम (पीआरटीसी) के संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर भगवंत मान सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्मचारियों के आंदोलन के साथ खड़ी है।
श्री खन्ना ने बुधवार को कहा कि रोडवेज और पीआरटीसी के कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगें सरकार और विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के कारण आम लोगों को भी परेशानी हो रही है और विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा अन्य यात्रियों को सरकारी बसों में सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने और आउटसोर्स कर्मचारियों को संविदा रोजगार के दायरे में लाने की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा और नियमानुसार मिलने वाले लाभ सुनिश्चित किए जाने चाहिए।
श्री खन्ना ने सरकार से कर्मचारियों के साथ सार्थक बातचीत कर उनकी मांगों का जल्द समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते समाधान होने से गतिरोध समाप्त होगा और यात्रियों को हड़ताल के कारण हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित