चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- पंजाब यूनिवर्सिटी में बारिश के दौरान करंट लगने से पीएचडी स्कॉलर ज्योति की मौत के मामले में बुधवार को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन और मृतका के परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद मंगलवार देर रात सहमति बन गई, जिसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए अपनी मंजूरी दे दी।

पुलिस ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर डॉक्टरों का पैनल गठित करने का अनुरोध किया है।

बैठक में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी देने पर सहमति जताई। निर्णय के अनुसार, ज्योति के भाई को पंजाब यूनिवर्सिटी में नौकरी दी जाएगी। साथ ही परिवार को कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसमें पांच लाख रुपये वाइस चांसलर फंड और 11 लाख रुपये डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय की ओर से प्रदान किए जाएंगे।

मृतका का भाई 12वीं पास है और वर्तमान में आईटीआई (इलेक्ट्रिकल) की पढ़ाई कर रहा है। उसे विश्वविद्यालय में 19,900 रुपये मूल वेतन और 4,000 रुपये के ग्रेड पे वाले पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित