चंडीगढ़ , सितंबर 12 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में 'सेवा संकल्प अभियान' चलायेगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रमों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई मोदी की राजनीतिक यात्रा 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची और अब 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं-मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, जनधन योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि-का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव आया है।

श्री ढिल्लों ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब में सड़क, रेल, कृषि और बुनियादी ढांचे के लिए 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने करतारपुर साहिब गलियारे के निर्माण, श्री गुरु नानक देव जी के 550वें और श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के आयोजन, वीर बाल दिवस की शुरुआत तथा 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामलों में कानूनी कार्रवाई को भी प्रमुख कदम बताया।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को राज्यभर में रक्तदान शिविरों से होगी। उसी शाम लाभार्थी और कार्यकर्ता शाम सात बजे अपने घरों में 'आशीर्वाद का दीया' जलायेंगे। स्कूलों में 'मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा' के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि गांवों में 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' नामक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किये जायेंगे।

अभियान के अन्य कार्यक्रमों में 'सेवा ज्योति यात्रा', 'सेवा-मेरा योगदान', 'सेवा सेतु' शिविर, 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' के तहत रंगोली कार्यक्रम और 'जन सेवक महाकुंभ' शामिल हैं। 'सेवा सेतु' शिविर विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर एक सप्ताह तक लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता दी जायेगी। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को 'आंगन मिलन सेवा' के तहत सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जायेगा।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब भाजपा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित