अमृतसर , सितंबर 30 -- पंजाब में चालू खरीफ सीजन के दौरान किसानों ने अब तक फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) की 16,227 मशीनें खरीदी हैं, जिनके लिए राज्य सरकार ने 183 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की है।
पनसप के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने बुधवार को कहा कि किसानों को पराली जलाने से रोकने और फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत किसानों को सीआरएम मशीनों की खरीद पर 50 प्रतिशत, जबकि कस्टम हायरिंग सेंटरों, किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों और ग्राम पंचायतों को 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी प्रयासों और किसानों के सहयोग से राज्य में पराली जलाने की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आयी है। उनके अनुसार, वर्ष 2022 में पराली जलाने के 49,922 मामले दर्ज किये गये थे, जो 2025 में घटकर 5,114 रह गयें। इस तरह इन घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी।
श्री बराड़ ने कहा कि फसल अवशेषों का वैज्ञानिक प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता बनाये रखने और कृषि को टिकाऊ बनाने में मदद करता है। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने तथा उपलब्ध कृषि मशीनरी और सरकारी सब्सिडी का अधिकतम लाभ उठाकर फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित