चंडीगढ़ , जुलाई 10 -- पंजाब सरकार की प्रमुख 'मेरी रसोई' राशन किट वितरण योजना के तहत अब तक 25.03 लाख से अधिक पात्र परिवारों को राशन किट वितरित की जा चुकी हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक तिमाही में 40.48 लाख पात्र परिवारों तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है।
शुक्रवार को यहां जारी सरकारी बयान अनुसार योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को गेहूं के अतिरिक्त एक राशन किट दी जा रही है। इस किट में दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। यह लाभ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए), 2013 के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त प्रदान किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार, राशन किटों की पैकिंग का कार्य मार्कफेड द्वारा किया जा रहा है, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग पूरे राज्य में इनके वितरण की निगरानी कर रहा है। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के भोजन में प्रोटीन, खाद्य तेल और आवश्यक मसालों को शामिल कर उनके पोषण स्तर में सुधार करना है। वितरण प्रक्रिया की निगरानी पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोहराव रोकने और अंतिम पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित