चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत अब तक 1,785.29 करोड़ रुपये जारी किये हैं।

उन्होंने कहा कि 'साडे बुजुर्ग साडा मान' अभियान के तहत सरकार वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

डॉ कौर ने बताया कि राज्य में 24 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। पेंशन का समय पर और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। पात्र प्रत्येक लाभार्थी को प्रतिमाह 1,500 रुपये पेंशन दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुष और 58 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं, बशर्ते उनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 60,000 रुपये से अधिक न हो। निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदक के पास 2.5 एकड़ से अधिक सिंचित (नहरी) भूमि या पांच एकड़ से अधिक बारानी भूमिभी नहीं होनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार वरिष्ठ नागरिकों को समाज की अमूल्य ताकत मानती है और उनकी जिंदगी को सम्मान, आत्मनिर्भरता तथा आर्थिक सुरक्षा के साथ बेहतर बनाने के लिए नागरिक-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना के किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न किया जाये। उन्होंने पेंशन का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।

डॉ. कौर ने दोहराया कि वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि बुजुर्गों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए समय पर सहायता मिलती रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित