चंडीगढ़ , जून 25 -- पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत गुरुवार से राज्यभर में घर-घर जाकर गणना कार्य शुरू हो गया। इस अभियान के लिए 24,453 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को तैनात किया गया है, जो 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक राज्य के दो करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं तक पहुंचेंगे।

इस अभियान की शुरुआत के पहले दिन पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने स्वयं अपने परिवार के साथ गणना फॉर्म भरकर नागरिकों को जागरूकता और सहयोग का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर आने वाले बीएलओ को पूरा सहयोग दें और सही जानकारी उपलब्ध करायें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के पहले दिन पूरे राज्य में गणना फॉर्मों का सफलतापूर्वक वितरण किया गया। उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे एक हालिया रंगीन फोटो तैयार रखें, फॉर्म भरकर उस पर हस्ताक्षर करें और बीएलओ को जमा करायें। साथ ही फॉर्म की दूसरी प्रति अपने पास सुरक्षित रखें, जो एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने तक आवश्यक होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी घर पर बीएलओ के पहुंचने के समय ताला लगा मिलता है, तो अधिकारी फॉर्म को दरवाजे के नीचे डाल देंगे और अगली यात्रा की तारीख वाला स्टिकर घर की दीवार पर चस्पा करेंगे। बीएलओ अधिकतम तीन बार घर का दौरा कर फॉर्म प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। यदि मतदाता घर पर मौजूद नहीं है, तो परिवार का कोई वयस्क सदस्य फॉर्म पर हस्ताक्षर कर अपने संबंध का उल्लेख करते हुए उसे जमा कर सकता है।

सुश्री मित्रा ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और 'बुक ए कॉल विद योर बीएलओ' सुविधा उपलब्ध करायी गयी है, जिसके माध्यम से नागरिक सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या वोटर्स सर्विस पोर्टल के जरिए ऑनलाइन भी गणना फॉर्म जमा कर सकते हैं, जिसकी बाद में संबंधित बीएलओ द्वारा पुष्टि की जाएगी।

निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया 24 जुलाई तक जारी रहेगी। प्रारूप मतदाता सूची तीन अगस्त 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद तीन अगस्त से दो सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करायी जा सकेंगी। इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची एक अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सटीक और समावेशी मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की, ताकि पंजाब की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनायी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित