चंडीगढ़ , जून 24 -- पंजाब में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत हो गयी है।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि अभियान का पहला चरण घर-घर गणना (हाउस-टू-हाउस एन्यूमरेशन) है, जो 25 जून से शुरू होकर 24 जुलाई तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए राज्यभर में 24,453 बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गयी है। इनके साथ 117 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी भी कार्य करेंगे। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
सुश्री मित्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची में मैपिंग को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैपिंग का मतदाता के वोट के वैध रहने या रद्द होने से कोई संबंध नहीं है। यदि कोई मतदाता की अंतिम दिन तक भी मैपिंग संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है, तो इसका यह अर्थ नहीं है कि उसका वोट स्वतः रद्द हो जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित करेगा तथा सभी पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित