नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को राज्य को देश में वस्त्र उद्योग में निवेश के लिए सबसे अधिक संभावनाओं से भरा राज्य बताते हुए कहा कि राज्य संपूर्ण टेक्सटाइल मूल्य श्रृंखला में अपार अवसर प्रदान करता है और उद्यमियों के लिए पारदर्शी तथा उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराता है।
यहां भारत मंडपम् में आयोजित भारत टेक्स 2026 में पंजाब राज्य पवेलियन का उद्घाटन करने के बाद पंजाब सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नयी औद्योगिक एवं व्यवसाय विकास नीति लागू की है। साथ ही, सिंगल विंडो और सिंगल पेन सिस्टम के माध्यम से समयबद्ध मंजूरी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा, "पहले की राज्य सरकारें उद्योगपतियों को एटीएम की तरह इस्तेमाल करती थीं, लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार ने उन्हें राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति का बराबरी का भागीदार बनाया है। पंजाबियों को कड़ी मेहनत, समर्पण और देशभक्ति की अदम्य भावना का वरदान मिला है। इन्हीं गुणों के कारण पंजाबियों ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित की है। इन बातों को याद दिलाने का उद्देश्य केवल इतना है कि हमारी युवा पीढ़ी राज्य की गौरवशाली, समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित रहे।"मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब इस आयोजन में 'साझेदार राज्य' के रूप में भाग ले रहा है, क्योंकि वस्त्र उद्योग केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि राज्य की पहचान, विरासत और आर्थिक शक्ति का अभिन्न हिस्सा है। पीढ़ियों से पंजाब ने केवल कपड़ा ही नहीं बुना, बल्कि आजीविका, उद्यमिता और समृद्धि भी बुनी है। राज्य में इस उद्योग के लिए संपूर्ण मूल्य श्रृंखला मौजूद है, जिससे वस्त्र निर्माण की हर प्रक्रिया राज्य के भीतर ही पूरी की जा सकती है - कपास की खेती से लेकर स्पिनिंग तक, धागे से कपड़ा बनाने तक, निटिंग और प्रोसेसिंग से लेकर परिधान निर्माण तक तथा विनिर्माण से निर्यात तक।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित