जालंधर , फरवरी 06 -- पंजाब यूथ कांग्रेस के सचिव अंगद दत्ता ने शुक्रवार को जालंधर में गुरुद्वारे के बाहर आम आदमी पार्टी के युवा नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना पंजाब में कानून व्यवस्था के पूरी तरह फेल होने का सबूत है और इससे साफ है कि पंजाब में युवा नेता अब सुरक्षित नहीं हैं।

अंगद दत्ता ने कहा कि यह सिर्फ एक हत्या नहीं है, बल्कि आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामी का सबूत है। उन्होंने कहा, "जब रूलिंग पार्टी का अपना युवा नेता सार्वजनिक जगह पर गोलियों का शिकार हो जाता है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।"उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंग वॉर, गन कल्चर और दिनदहाड़े हत्याएं आम हो गई हैं, जबकि सरकार प्रोपेगैंडा में व्यस्त है। कांग्रेस, अकाली दल और अब आप नेताओं ने भी लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर सवाल उठाए हैं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

अंगद दत्ता ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी, हाई-लेवल जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र की नींव हैं और जब युवा नेताओं को सड़कों पर मारा जाता है, तो यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित