चंडीगढ़ , जून 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहेगा। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में डबल इंजन सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा पंजाब में भी हो रही है और वहां की जनता विकास चाहती है।
सिरसा के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि देश के महापुरुषों और गुरुओं के बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके त्याग और बलिदान से सीख लेनी चाहिए।
नीट पुनर्परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा उनके लिए नि:शुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित