चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौरिया ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब में पार्टी की सरकार बनाने में मोर्चा की अहम भूमिका होगी।

श्री मौरिया पंजाब भाजपा ओबीसी मोर्चा की नवनियुक्त टीम की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवराज चौधरी, पंजाब प्रभारी सागर रायका, सह-प्रभारी अवनीत कौर और भाजपा की प्रदेश सह-प्रभारी अलका गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों को जिला स्तर पर घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की करीब 70 जातियां हैं। इन सभी समुदायों के प्रतिनिधियों को मोर्चा की टीम से जोड़ने के लिए जल्द ही जिला स्तर पर बैठकें शुरू की जायेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओबीसी कल्याण योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जायेगा। उन्होंने मोर्चा की प्रदेश टीम के प्रत्येक सदस्य को 100 लोगों की टीम बनाने का लक्ष्य दिया। वहीं, जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा से जोड़ने के लिए 50 सामाजिक कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने को कहा गया।

श्री मौरिया ने पंजाब में बढ़ते कर्ज, गैंगस्टरवाद और नशे की समस्या को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गयी।

इससे पहले पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों और अतिथियों का स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित