चंडीगढ़ , सितंबर 02 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर पंजाब सरकार तथा आप नेताओं को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया है। श्री धालीवाल ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि पंजाब में भाजपा का जनाधार नहीं है, इसलिए वह ईडी का सहारा लेकर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी निष्पक्ष जांच एजेंसी के बजाय भाजपा के इशारे पर काम कर रही है और पंजाब सरकार को बदनाम करने के लिए बार-बार पत्र भेजे जा रहे हैं।उन्होंने हाल के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि 28 अगस्त को पंजाब के पुलिस महानिदेशक ने ईडी को पत्र लिखकर बताया था कि एजेंसी द्वारा भेजे गए दस्तावेज स्पष्ट रूप से पढ़े नहीं जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने दस्तावेजों के संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी को एक सितंबर को पुलिस मुख्यालय भेजने का अनुरोध किया था, लेकिन उनके अनुसार तय तारीख पर ईडी का कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा।

श्री धालीवाल ने आरोप लगाया कि इससे स्पष्ट है कि ईडी का उद्देश्य जांच करना नहीं, बल्कि मीडिया के माध्यम से पंजाब सरकार और आप नेताओं की छवि खराब करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्रीय एजेंसियां मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा आप के वरिष्ठ नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रही हैं। भाजपा पहले भी आप नेताओं को जेल भेजकर डराने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन पार्टी एकजुट रही। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियां चाहे जितना दबाव बनाएं, आप कार्यकर्ता और नेता पीछे नहीं हटेंगे।

भाजपा को पंजाब का "दुश्मन नंबर एक" बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन के दौरान 750 से अधिक किसानों की मौत के लिए भाजपा जिम्मेदार है और केंद्र ने पंजाब के विकास फंड में भी कथित तौर पर बाधाएं खड़ी की हैं।उन्होंने कहा कि आप भाजपा और ईडी के दबाव से डरने वाली नहीं है तथा पार्टी पंजाब के विकास और लोगों के हितों के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता एक बार फिर आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित