चंडीगढ़ , मई 30 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने जालंधर में आरटीआई कार्यकर्ता एवं वकील सिमरनजीत सिंह की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

श्री वड़िंग ने शनिवार को एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और मुख्यमंत्री भगवंत मान को छोड़कर कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। राज्य में अपराधियों, गैंगस्टरों और आतंकवादी तत्वों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। हाल ही में अमृतसर में एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस स्थिति की जिम्मेदारी लेनी चाहिए, क्योंकि वे न केवल सरकार के मुखिया हैं बल्कि गृह विभाग भी उनके पास है। राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की अंतिम जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की ही बनती है।

श्री वड़िंग ने आरोप लगाया कि पंजाब में हालात तेजी से नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री केवल सुरक्षा घेरे में रहकर अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकते, जबकि राज्य में लगातार हत्याएं हो रही हैं और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, गैंगस्टर गतिविधियों और हत्याओं पर चुप्पी तोड़ने की मांग करते हुए कहा कि पंजाब की जनता को सरकार से जवाब चाहिए। वड़िंग ने कहा कि लोगों के जीवन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री को स्पष्ट रूप से अपनी स्थिति बतानी चाहिए और राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आरटीआई कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की हत्या ने एक बार फिर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं और सरकार को इस मामले में दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित