चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष विजय इंदर सिंगला ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लोगों के बीच असुरक्षा और भय का माहौल बन गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की सुरक्षा और नशे की समस्या से निपटने में विफल रही है।
श्री सिंगला ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य में बढ़ती असुरक्षा का असर व्यापार और उद्योग पर भी पड़ रहा है। उद्यमी नए कारोबार शुरू करने से हिचक रहे हैं और व्यापारी तथा उद्योगपति अपने मौजूदा कारोबार का विस्तार करने के लिए निवेश करने से बच रहे हैं। आप सरकार को 'कागजी शेर' बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी काम के बजाय प्रचार पर अधिक ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब का शासन दिल्ली के 'रिमोट कंट्रोल' से चल रहा है, जबकि राज्य को ऐसी सरकार की जरूरत है जो अपने लोगों के प्रति जवाबदेह हो।
श्री सिंगला ने कहा कि पंजाब के लोगों ने नशामुक्त राज्य, रोजगार और बेहतर सामाजिक सुरक्षा की उम्मीद में बदलाव के लिए वोट दिया था। उन्होंने सवाल किया कि चार साल से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद आप सरकार ने कौन-सा ठोस बदलाव किया है। उन्होंने गुलजार सिंह और नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ बोलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे लोगों को सुरक्षा देने में विफल रही है और नशा तस्कर बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस में अपराध और नशा तस्करी से निपटने की क्षमता है, लेकिन उसे राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना काम करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन से निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी राजनीतिक नेतृत्व की है।
राज्य पर बढ़ते कर्ज के बीच सरकार की खर्च प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये देने, पेंशन बढ़ाने, अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने और रोजगार उपलब्ध कराने के वादों को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार से भी सीमा पार से नशों और हथियारों की तस्करी रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाने को कहा।
श्री सिंगला ने दावा किया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आप को 10 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि चार नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की प्रस्तावित 'इंसाफ रैली' में पंजाब के मुद्दे उठाए जाएंगे। उनके अनुसार, कांग्रेस युवाओं, महिलाओं, किसानों और व्यापारियों की सुरक्षा तथा राज्य के विकास के लिए जवाबदेह शासन की मांग को लेकर जनता के बीच जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित