फगवाड़ा , जुलाई 07 -- शिवसेना अखंड भारत ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और नशा तस्करी पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाये तो लोकतांत्रिक तरीके से राज्यव्यापी और राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। फगवाड़ा में राज्य प्रभारी सतपाल रल्ल्ह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित विशेष बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मेहता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में पंजाब में कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, नशा तस्करी और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गयी।

बैठक को संबोधित करते हुए सतपाल रल्ल्ह ने कहा कि राज्य में गुंडागर्दी, लूट, चोरी, रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात ऐसे बन गये हैं कि लोग घर से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्योगपति भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं तथा राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाये रखने में विफल रही है। उनका आरोप था कि अपराधियों में पुलिस और प्रशासन का भय समाप्त हो गया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मेहता ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए मजबूत कानून-व्यवस्था अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शांति और सुरक्षा के बिना उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा नहीं मिल सकता। उन्होंने सरकार से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर कानून का राज स्थापित करने और अपराधियों व समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

संगठन ने राज्य सरकार से पंजाब में बढ़ते अपराध पर तत्काल अंकुश लगाने, पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आम नागरिकों, व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि प्रदेश में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाये रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो संगठन जनता के सहयोग से लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगा।

बैठक में अजय मेहता, सतपाल रल्ल्ह, गौरी शंकर, विनोद राय, रमन कुमार, राज कुमार और मोनू ओंकार नगर और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित