चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बारिश हुई, जबकि शहर के कई हिस्सों में मौसम सूखा रहा। वहीं, मोहाली में बारिश के बाद कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। जलभराव के कारण एक सड़क को आवाजाही के लिए बंद करना पड़ा। जालंधर और पठानकोट में भी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
चंडीगढ़ के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को पंजाब में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मॉनसून ट्रफ इस समय अमृतसर से होकर गुजर रही है। इससे पंजाब में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। वहीं, उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से शनिवार को पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित